माता प्रसाद पुस्तकालय
जहां आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया और मोबाइल के कारण किताबों से दूरी बढ़ती जा रही है, वहीं इसी दौर में पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने अपने पैतृक गांव चमारी (जालौन, उत्तर प्रदेश) में एक प्रेरणादायक काम किया है। उन्होंने अपने गांव में एक आधुनिक पुस्तकालय बनवाकर यह साबित किया है कि ज्ञान की असली ताकत अब भी किताबों में ही बसती है।
सौरभ द्विवेदी हिंदी पत्रकारिता के एक जाने-माने नाम हैं। सरल भाषा, गहरी समझ और बेबाक शैली के कारण उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता में अलग पहचान बनाई। उन्होंने लंबे समय तक India Today Group का लोकप्रिय डिजिटल मंच द लल्लनटॉप का संपादन किया और अपने कार्यक्रमों के माध्यम से राजनीति, समाज और इतिहास जैसे विषयों को आम लोगों तक सरल भाषा में पहुँचाया। लेकिन उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं।
अपने इसी जुड़ाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने ने अपने गांव चमारी में “माताप्रसाद द्विवेदी पुस्तकालय” का निर्माण कराया। यह पुस्तकालय उनके दादा श्री माताप्रसाद द्विवेदी की स्मृति में बनाया गया है। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से बने इस भव्य पुस्तकालय का उद्देश्य गांव और आसपास के युवाओं को पढ़ने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस पुस्तकालय में हजारों किताबें रखी जाएंगी, जिनमें साहित्य, इतिहास, विज्ञान, राजनीति और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकें शामिल होंगी। इसकी इमारत आधुनिक डिज़ाइन में बनाई गई है और इसमें वही विशेष पत्थर लगाया गया है जो नए संसद भवन में भी उपयोग हुआ है।
गांव में इस तरह की आधुनिक लाइब्रेरी होना अपने आप में बड़ी बात है। यहाँ शांत और आधुनिक पढ़ाई का माहौल बनाया गया है, ताकि गांव के बच्चे भी शहरों जैसी सुविधाओं के बीच बैठकर अपने सपनों को आकार दे सकें। इतना ही नहीं, एक मोबाइल लाइब्रेरी की भी योजना है, जो आसपास के गांवों तक किताबें पहुँचाएगी।
यह पहल केवल एक भवन बनाने भर की नहीं है, बल्कि यह एक विचार है—किताबों से समाज को मजबूत बनाने का विचार। सौरभ द्विवेदी का यह प्रयास संदेश देता है कि यदि कोई व्यक्ति अपनी सफलता का थोड़ा सा हिस्सा समाज को लौटाने का संकल्प ले ले, तो गांवों की तस्वीर बदल सकती है।
यह पुस्तकालय एक पत्रकार द्वारा अपने गांव के लिए किया गया ऐसा प्रयास है, जो शिक्षा और किताबों की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें